बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गलगम क्षेत्र के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की चपेट में आने से एसटीएफ का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रायपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की आधिकारिक पुष्टि चंद्रकांत गवर्ना ने की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों की टीम गलगम के जंगलों में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान एसटीएफ के प्रधान आरक्षक नीलकंठ सिंह का पैर जंगल में पहले से प्लांट किए गए आईईडी पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ।
धमाके में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने तत्काल उन्हें नजदीकी कैंप पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल जवान की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है। नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।



