रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च के दूसरे सप्ताह आयोजित होने वाली ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने के आसार हैं। यह जानकारी छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा के दौरान दी।
बैज ने कहा कि फरवरी 2023 में हुए कांग्रेस महाधिवेशन के बाद दोनों शीर्ष नेता एक बार फिर छत्तीसगढ़ में मंच साझा कर सकते हैं।
बिजली दरों पर सरकार को घेरा
विद्युत नियामक आयोग की जनसुनवाई को लेकर दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा सरकार ने ‘बिजली बिल हाफ’ योजना बंद कर दी और चार बार बिजली दरों में वृद्धि की। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान जनसुनवाई से संकेत मिलता है कि सरकार फिर से बिजली दर बढ़ाने की तैयारी में है।
राज्यसभा और फ्रीबीज पर बयान
राज्यसभा की छत्तीसगढ़ सीट को लेकर बैज ने कहा कि प्रत्याशी का निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। यदि सलाह मांगी जाएगी तो वे अपनी राय देंगे। सुप्रीम कोर्ट की ‘फ्रीबीज’ संबंधी टिप्पणी का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विभिन्न राज्यों में नकद वितरण की भी जांच होनी चाहिए।
बजट सत्र और SIR सूची पर प्रतिक्रिया
आगामी 24 फरवरी को पेश होने वाले राज्य बजट को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल विधानसभा के अंदर और बाहर सरकार को घेरने की रणनीति बनाएगा।
SIR की अंतिम सूची जारी होने पर बैज ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है और प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं।
100 से अधिक जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण संभव
दीपक बैज ने बताया कि छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड के 100 से अधिक जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जा सकता है। इस प्रशिक्षण में वरिष्ठ नेता, खड़गे और राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है।



