रायपुर। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उड़ीसा के एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 6.110 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 3.15 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता की मॉनिटरिंग में की गई।
बात दे कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक्सप्रेस-वे स्थित एक पान दुकान के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री की फिराक में है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रविन्द्र कुमार सतपथी निवासी काटाभांजी, जिला बलांगीर (उड़ीसा) बताया।
तलाशी के दौरान उसके बैग से अलग-अलग पैकेट में गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है और फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने गांजा तस्करी के 13 मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 131.768 किलोग्राम गांजा, नकदी, वाहन और मोबाइल सहित लगभग 78.25 लाख रुपये का माल जब्त किया है।



