रायपुर – रायपुर में शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व मेयर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि उसने स्कूल संचालक आरबी मिश्रा की कार को टक्कर मारने के बाद गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुई। शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वे विधायक कॉलोनी तेलीबांधा निवासी हैं और विशेष बच्चों का स्कूल संचालित करते हैं। उस रात वे वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे।
दर्शन के बाद जब वे अपनी कार (CG-04-PY-5003) के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही इंडिवर कार के चालक शोएब ढेबर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को स्क्रैच मार दिया। जब मिश्रा ने सही तरीके से गाड़ी चलाने को कहा तो आरोप है कि शोएब ढेबर ने बीच सड़क गाड़ी रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद आरबी मिश्रा ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शोएब ढेबर की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि शोएब ढेबर का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। 7 अगस्त 2025 को वह बिना अनुमति जेल के मुलाकात कक्ष में घुस गया था और अभद्र व्यवहार किया था। इसके बाद जेल प्रशासन ने उस पर कार्रवाई करते हुए कैदियों से मुलाकात पर तीन महीने की रोक लगा दी थी, साथ ही जेल प्रहरी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने भी मामला दर्ज किया था।



