रायपुर। आजाद चौक थाना क्षेत्र में लगातार दुकानों को निशाना बना रहे शातिर चोर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शातिर चोर जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी जतिन तलरेजा ने अपने साथी व्यास नारायण वर्मा के साथ मिलकर आजाद चौक क्षेत्र के रामसागरपारा स्थित दो इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पहली घटना 29-30 सितंबर 2025 की रात गुरू कृपा ट्रेडर्स में हुई, जहां दुकान का ताला तोड़कर लॉकर से नकदी चोरी की गई। दूसरी घटना 15-16 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात सच्चो सतराम ट्रेडर्स में हुई, जहां केबिन के लॉकर से नगदी रकम पार कर दी गई थी।
दोनों मामलों में थाना आजाद चौक में अलग-अलग अपराध क्रमांक 291/25 और 303/25, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, पीड़ित दुकानदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की सूचना पर पुलिस ने जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली और व्यास नारायण वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने चोरी की वारदातों को कबूल किया। इसके बाद आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर चोरी की रकम जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि जतिन तलरेजा एक आदतन और शातिर चोर है, जिसके खिलाफ रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर, कोतवाली, तेलीबांधा और पंडरी थानों में चोरी और नकबजनी के लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी:
जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली, पिता दयालदास तलरेजा, उम्र 24 वर्ष, निवासी महावीर नगर, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर।
व्यास नारायण वर्मा, पिता स्व. वेदप्रकाश वर्मा, उम्र 42 वर्ष, निवासी अकोली (अ), थाना भाटापारा ग्रामीण, जिला बलौदाबाजार।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच भी शुरू कर दी।



