रायपुर। डीएसपी कल्पना वर्मा पर दो करोड़ रुपये के गिफ्ट और प्रेमजाल में फंसाने जैसे सनसनीखेज आरोप लगाने वाला दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब कोरबा जिले की कटघोरा कोर्ट ने उनके खिलाफ 28 लाख रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है।
यह भी पढ़े :- 50 करोड़ की ठगी का ‘सीए’ ठग 5 साल बाद धरा गया, कोर्ट परिसर से ही एसीबी ने पकड़ा
जानकारी के अनुसार, ठग दीपक टंडन पर कोरबा में 28 लाख रुपये का फ्रॉड करने का आरोप है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कु. रंजू वैष्णव की अदालत ने यह वारंट जारी किया है और आज (12 दिसंबर) ही उन्हें कोर्ट में पेश होना था।
गौरतलब है कि यही दीपक टंडन वह शख्स है जिसने डीएसपी कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कथित वॉट्सऐप चैट, 51 फोटो-वीडियो और स्क्रीनशॉट मीडिया को दिए थे, लेकिन बाद में वे सारे सबूत डिलीट कर दिए।
इसी बीच दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन पर भी डीएसपी कल्पना वर्मा के पिता ने 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का केस किया हुआ है, जो कोर्ट में चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि अब ठगी के कई पुराने मामले दीपक टंडन के खिलाफ खुल रहे हैं और पुलिस भी जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सकती है।



