रायपुर। लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात ठग राकेश भभूतमल को आखिरकार एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने गुरुवार शाम उस वक्त दबोच लिया, जब वह खुद कोर्ट में अपना गिरफ्तारी वारंट रद्द कराने पहुंचा था। पुलिस की पकड़ से 5 साल तक दूर रहने वाला यह शातिर ठग खुद को चार्टर्ड अकाउंटेंट बताकर लोगों को चूना लगाता था।
यह भी पढ़े :- राज्य की ऊर्जा भविष्य की रुपरेखा जारी: सीएम साय ने ‘एनर्जी ट्रांज़िशन’ रिपोर्ट का किया अनावरण
राकेश का तरीका बेहद शातिराना था। वह लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज लेकर उनके नाम पर बैंकों से भारी-भरकम लोन लेता था और निवेश पर मोटा मुनाफा देने का लालच देता था। इस तरह उसने करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी की।
उसके खिलाफ रायपुर के मौदहापारा, सिविल लाइंस थाने के अलावा राजनांदगांव और दुर्ग में 2021 से 2023 के बीच 12 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
गुरुवार को जैसे ही उसे कोर्ट परिसर में देखने की सूचना मिली, एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड की मांग करेगी।



