अभनपुर। खेल का मैदान अब केवल प्रतिस्पर्धा का स्थल नहीं रह गया है, बल्कि यह सीखने और सफलता की सबसे बड़ी पाठशाला बन गया है। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने अभनपुर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के दूसरे चरण के अवसर पर कहा कि “खेलोगे-कूदोगे तो होगे कामयाब”। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान को इस परिवर्तन का मुख्य कारण बताया।
रायपुर लोकसभा क्षेत्र के गातापारा स्थित जीवोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय खिलाड़ी, विद्यार्थी, अभिभावक और ग्रामीण उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी और स्काउट्स एंड गाइड्स के कैडेट्स द्वारा मार्च पास्ट से हुई, जिसने अनुशासन और ऊर्जा का संदेश दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, पारंपरिक कर्मा नृत्य और ‘खेलो इंडिया’ थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी, जिससे पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बन गया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खिलाड़ी आज केवल खेल के सितारे नहीं, बल्कि देश के रोल मॉडल और ब्रांड एम्बेसडर बन रहे हैं।
अभनपुर के विकासखंड स्तरीय इस प्रतियोगिता में करीब एक हजार प्रतिभागियों ने 13 पारंपरिक और आधुनिक खेलों में हिस्सा लिया। विजेताओं को रायपुर में दिसंबर में आयोजित तीसरे और अंतिम चरण में भाग लेने का मौका मिलेगा। इस महोत्सव के लिए अभनपुर से कुल 14,862 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया।
सांसद अग्रवाल ने खेल मैदान में बाउंड्री वॉल और कमरा निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की और अभनपुर में स्विमिंग पूल निर्माण की भी योजना का उल्लेख किया। कार्यक्रम में विधायक इंद्र कुमार साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष और सदस्य, सरपंच, प्रशासनिक अधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। सांसद ने प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि युवाओं की ऊर्जा और अनुशासन ही नए भारत की असली ताकत है।



