रायपुर : कोरबा जिले से घरेलू हिंसा की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा में नशे में धुत युवक ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी को बचाने की कोशिश में बड़ी बेटी भी संकट में पड़ गई, क्योंकि आरोपी ने गुस्से में उसे नशे की गोली खा लेने को मजबूर कर दिया।
हथौड़े से सिर पर हमला, हालत गंभीर
शनिवार शाम आरोपी राइमंड प्रकाश जांगड़े शराब के नशे में घर पहुंचा और चरित्र संदेह के चलते पत्नी कविता बाई जांगड़े (38) को हथौड़े से सिर पर मारकर लहुलुहान कर दिया। हमले के बाद भी उसका गुस्सा कम नहीं हुआ। उसने दोनों बेटियों को नशे वाली गोली दी। रोज–रोज की मारपीट और विवादों से तंग आकर बड़ी बेटी ने गोली खा ली, जिससे उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
मां-बेटी दोनों की हालत नाजुक
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल चौकी प्रभारी विश्वनारायण चौहान टीम सहित पहुंच गए। पुलिस ने कविता बाई का बयान दर्ज कर लिया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनका सिर गंभीर रूप से घायल है और उन्हें उन्नत इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। बड़ी बेटी भी अस्पताल में भर्ती है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
सूत्रों के मुताबिक, राइमंड का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वह करीब चार साल पहले जेल से रिहा हुआ था, जहां वह चचेरे भाई की हत्या के मामले में सज़ा काट रहा था। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने भी आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस इस गंभीर मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



