रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्रांतर्गत कचना फाटक के पास हुई दिल दहला देने वाली लूट का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चाकू की नोक पर सोने की चैन और नगदी रकम लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजेश महिलांगे अपने मित्र ध्रुव जायसवाल के साथ 30 नवंबर 2025 की रात करीब 10 बजे कचना जा रहे थे। जैसे ही वे आयुषी मेडिकल के पास पहुंचे, तब दो अज्ञात व्यक्ति अपने बुलेट वाहन से कार के सामने आकर उसे रोक लिया। इसके बाद चारों आरोपी प्रार्थी और उनके मित्र पर हमला कर चाकू दिखाकर सोने की चैन और नगदी रकम लूट कर फरार हो गए।
इस गंभीर वारदात की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की। एण्टी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह की संयुक्त टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, CCTV फुटेज का विश्लेषण किया और मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपियों का पता लगाया।
तलाशी और कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने कामरान अली, गजेंद्र चौहान, रवि साहू और अंकित विभार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, नगदी रकम 3,000/- रुपये, घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन और चाकू बरामद किया गया। इन सभी की कुल कीमत लगभग 3,53,000/- रुपये है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से कामरान अली पहले भी अवैध पिस्टल के साथ पकड़ा गया था, जबकि रवि साहू और अंकित विभार पूर्व में मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तारी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की अपराध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के हाथ हमेशा मजबूत हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- कामरान अली, 28 वर्ष, निवासी रेलवे किनारे, चंडी नगर।
- गजेंद्र चौहान, 37 वर्ष, निवासी शास्त्री नगर, नारायण हॉस्पिटल रोड।
- रवि साहू, 25 वर्ष, निवासी पार्वती नगर, शिव मंदिर के पास।
- अंकित विभार, 21 वर्ष, निवासी पार्वती नगर, कचना फाटक के पास।
इस कार्रवाई से यह संदेश जाता है कि रायपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।



