रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे मंडल कार्यालय में आज शुक्रवार को एक गंभीर घटना सामने आई, जहाँ एक कर्मचारी ने कथित रूप से वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार मिल रही उपेक्षा और दबाव से परेशान होकर फिनाइल पी लिया। घटना के बाद कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल कर्मचारी को तुरंत देवेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कर्मचारी की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, कर्मचारी अपनी व्यक्तिगत व कार्यस्थलीय समस्याओं को लेकर एक अधिकारी से मिलने गया था, लेकिन व्यस्तता का हवाला देकर उसे वापस लौटना पड़ा। इसके बाद वह समाधान के लिए दूसरे विभागीय अधिकारी के पास पहुँचा, मगर वहाँ भी उसे कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। माना जा रहा है कि लगातार अनदेखी और बढ़ते तनाव के चलते उसने आवेश में आकर यह खतरनाक कदम उठाया।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। वहीं कर्मचारी के सहकर्मियों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव में था और कई बार अपनी समस्याएँ साझा कर चुका था।



