रायपुर। नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में कल 28 से 30 नवंबर तक 60वां अखिल भारतीय DGP-IG सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल शामिल होंगे। उनके दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की टीम आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेगी।
सम्मेलन के मद्देनज़र नया रायपुर को हाई-सिक्योरिटी ज़ोन घोषित कर नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था लागू की जाएगी। किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए मंगलवार दोपहर छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक सिविल लाइन स्थित डायल-112 कंट्रोल रूम में हुई। आज पुलिस की टीम मुख्य मार्गों पर रिहर्सल भी करेगी।
3 दिवसीय सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा पर मंथन
28 नवंबर से शुरू होने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें साइबर सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी रणनीति, ड्रग्स नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों से निपटने की रणनीति और सीमा प्रबंधन जैसे विषय प्रमुख होंगे।
सम्मेलन के पहले दिन 2, दूसरे दिन 4 और तीसरे दिन 2 सेशन आयोजित किए जाएंगे। इसमें देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के DGP और IG स्तर के अधिकारी शामिल होंगे।



