रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर राज्यवासियों को बड़ा उपहार मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राजधानी रायपुर स्थित बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में 23 से 25 नवंबर तक राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित किया गया है।
यह भी पढ़े :- आज का राशिफल 23 नवंबर 2025: धनु समेत इन 5 राशि वालों की आय में बढ़ोतरी के संकेत, करियर में मिलेगी तरक्की
इस मेले में प्रदेशभर की आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। नागरिकों के लिए स्पॉट बुकिंग, बैंक लोन सहायता, आसान प्रक्रिया और आकर्षक उपहार जैसी सुविधाएँ भी रखी गई हैं।
2,000 करोड़ की नई योजनाओं की शुरुआत आज
मेले के दौरान हाउसिंग बोर्ड प्रदेश के विभिन्न जिलों में करीब 2 हजार करोड़ रुपये की नई आवासीय योजनाओं की शुरुआत करेगा।
इन योजनाओं में करीब 70% मकान कमजोर आय वर्ग (EWS/LIG) के लिए आरक्षित रहेंगे ताकि अधिक से अधिक परिवारों को किफायती आवास का लाभ मिल सके।
इसके साथ ही नवीन आबंटी पोर्टल का भी शुभारंभ होगा, जिसके माध्यम से आवेदन, बुकिंग और आवंटन की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व सरल होगी।
राज्योत्सव में हजारों नागरिकों ने दिखाई रुचि
राज्योत्सव–2025 में नवा रायपुर में लगाए गए हाउसिंग बोर्ड के स्टॉल को नागरिकों का शानदार प्रतिसाद मिला था।
हजारों लोगों ने योजनाओं की जानकारी लेते हुए बुकिंग में रुचि दिखाई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी स्टॉल का अवलोकन कर बोर्ड के कार्यों की सराहना की थी।
मुख्यमंत्री साय बोले – “हर परिवार को पक्का घर देना हमारी प्रतिबद्धता”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष में आयोजित यह आवास मेला प्रदेशवासियों के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा—
“हमारा संकल्प है कि हर परिवार को अपना पक्का घर मिले। 2,000 करोड़ की नई योजनाएँ और नया आबंटी पोर्टल इसी दिशा में बड़ा परिवर्तन हैं।”
उन्होंने हाउसिंग बोर्ड की पारदर्शी और तेज कार्यशैली की प्रशंसा की और कहा कि यह मेला “सबके लिए आवास” के लक्ष्य को मजबूत करेगा।
2027 तक हर परिवार के पास पक्का छत — मंत्री ओ.पी. चौधरी
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा—
“सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक प्रदेश का कोई भी परिवार बिना पक्के मकान के न रहे। राज्य स्तरीय आवास मेला इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष— “लोगों का विश्वास तेजी से बढ़ रहा”
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि राज्योत्सव में मिले उत्साहजनक प्रतिसाद ने साबित किया है कि नागरिकों का हाउसिंग बोर्ड पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में बोर्ड ने कई जनहितैषी योजनाएँ शुरू की हैं, जिनमें वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 सबसे लोकप्रिय रही है। इस योजना में भवन मूल्य पर 30% तक की छूट देकर लोगों को किफायती मकान उपलब्ध कराए गए।
मेले से मिलेगी बड़ी राहत
राज्य स्तरीय आवास मेला छत्तीसगढ़ की आवासीय विकास यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।
रजत जयंती वर्ष में किया गया यह आयोजन “सबके लिए आवास” के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी पहल साबित होगा।



