मुंबई। सोशल मीडिया की चर्चित हस्ती ओरी उर्फ ओरहान अवतरमानी 252 करोड़ रुपये के हाई-प्रोफाइल ड्रग्स केस में पुलिस जांच के दायरे में आ गए हैं। मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने ओरी को समन जारी करते हुए 20 नवंबर 2025 को सुबह 10 बजे घाटकोपर यूनिट में पूछताछ के लिए पेश होने का आदेश दिया है।
यह कार्रवाई तब हुई है जब इस मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े खुलासे सामने आए। आरोपी शेख ने पूछताछ में दावा किया कि वह देश और विदेश में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स पार्टियों का आयोजन करता था और उनमें ड्रग्स सप्लाई भी करता था। उसने बताया कि कई बॉलीवुड से जुड़े चेहरे इन पार्टियों में शामिल होते थे और यही वजह है कि ओरी का नाम भी जांच की रडार पर आया है।
शेख ने पूछताछ के दौरान जिन नामों का जिक्र किया, उनमें नोरा फतेही, श्रद्धा कपूर और उनके भाई सिद्धार्थ कपूर, जीशान सिद्दीकी, अब्बास-मस्तान, लोका और ओरी समेत कई अन्य लोग शामिल थे। हालांकि, इन दावों की अभी पुलिस द्वारा स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
नोरा फतेही ने पहले ही जता दी थी आपत्ति
ड्रग्स केस में नाम सामने आने के बाद एक्ट्रेस नोरा फतेही पहले ही सोशल मीडिया पर कड़ा विरोध जता चुकी हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा था कि वह पार्टियों का हिस्सा नहीं बनतीं और जानबूझकर उनका नाम इस मामले में घसीटा जा रहा है।
नोरा ने पोस्ट में लिखा था “मेरे नाम और मेरी तस्वीरों को उन मामलों से दूर रखें जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। यह बहुत महंगा पड़ सकता है।” अब ओरी को भेजे गए समन के बाद उनका बयान केस की आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
कौन हैं ओरी (Orhan Awatramani)?
ओरी उर्फ ओरहान अवतरमानी मुंबई के ग्लैमरस सोशल सर्कल में एक चर्चित चेहरा हैं। अक्सर उन्हें बड़े बॉलीवुड सितारों के साथ पार्टियों और इवेंट्स में देखा जाता है। उन्होंने न्यूयॉर्क के Parsons School of Design से फाइन आर्ट्स और कम्युनिकेशन डिजाइन की पढ़ाई की है। ओरी खुद को सिंगर, फैशन डिजाइनर, स्टाइलिस्ट और क्रिएटिव प्रोफेशनल बताते हैं। उनकी लाइफस्टाइल और कमाई के स्रोतों को लेकर सोशल मीडिया पर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। ड्रग्स केस में नाम जुड़ने के बाद ओरी एक गंभीर कानूनी दायरे में आ गए हैं।



