छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी नक्सल-विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया। मुठभेड़ में 7 नक्सली ढेर किए गए, जिनमें 3 महिला नक्सली भी शामिल हैं। शुरुआती इनपुट के अनुसार, नक्सल संगठन के पोलित ब्यूरो मेंबर और महासचिव देवजी के भी मारे जाने की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षाबलों ने मौके से सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए हैं।
7 में से 4 नक्सलियों की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी 3 की पहचान प्रक्रिया जारी है। यह मुठभेड़ उसी इलाके में हुई, जहां 18 नवंबर की सुबह नक्सली लीडर हिड़मा को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। एजेंसियों को देवजी की मौजूदगी के पुख्ता इनपुट मिले थे, जिसके बाद जवानों को ऑपरेशन के लिए भेजा गया।
एक दिन पहले इसी क्षेत्र में हिड़मा, उसकी पत्नी और 6 अन्य नक्सली मारे गए थे। वर्तमान में सुरक्षाबल अल्लुरी सीताराम राजू जिले के मारेडुमिल्ली के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।
डोंगरगढ़ में भी भिड़ंत जारी
इधर, डोंगरगढ़ के बोरतलाव जंगल में भी सुरक्षाबल नक्सलियों से भिड़ रहे हैं। मुठभेड़ में एक जवान के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिसे डोंगरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे इलाके में सर्चिंग और कॉम्बिंग ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है।
सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से नक्सलियों पर बड़ा दबाव बन गया है और इलाके में तनाव के बीच ऑपरेशन अभी भी जारी है।



