पटना। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य शनिवार को राबड़ी आवास, 10 सर्कुलर रोड से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। रवाना होने से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जताते हुए परिवार और पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए थे।
मीडिया से बातचीत में रोहिणी ने कहा,
“मेरा अब कोई परिवार नहीं है। इन्हीं लोगों ने मुझे परिवार से बाहर किया है। पार्टी की हालत क्यों खराब हुई—इस सवाल का जवाब देने से सब भाग रहे हैं।”
“सवाल करोगे तो बदनाम करेंगे, गाली दिलवाएंगे, चप्पल से मारेंगे”
रोहिणी ने सीधे-सीधे संजय यादव, रमीज और तेजस्वी यादव के नाम लेते हुए कहा—
“जो चाणक्य बनेगा, सवाल उसी से होगा। दुनिया पूछ रही है कि पार्टी का हाल क्यों हुआ।
लेकिन जैसे ही आप संजय, रमीज या तेजस्वी का नाम लेंगे, आपको घर से निकाल दिया जाएगा, बदनाम किया जाएगा, गाली दिलवाई जाएगी और चप्पल उठाकर मार दिया जाएगा।”
चुनाव हार के बाद RJD में घमासान
विधानसभा चुनाव में भारी हार के बाद लालू यादव के परिवार और पार्टी दोनों में खुला विवाद सामने आ गया है। रोहिणी आचार्य ने राजनीति और परिवार—दोनों छोड़ने की घोषणा की है और इसके पीछे संजय यादव और रमीज को कारण बताया है।
क्यों खफा हैं रोहिणी?
- छपरा से लोकसभा चुनाव हारने के बाद से रोहिणी की नाराजगी बढ़ी।
- तेज प्रताप यादव विवाद के लिए भी वे संजय यादव को जिम्मेदार मानती हैं।
- तेज प्रताप भी कई बार संजय यादव को पार्टी और परिवार में “बेडा गर्क करने वाला” बता चुके हैं।
- रोहिणी का आरोप है कि संजय यादव तेजस्वी यादव और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच दीवार की तरह खड़े हैं, जिससे पार्टी की अंदरूनी हालत खराब हो गई है।



