रायपुर। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत पर रायपुर पुलिस ने गंभीर आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया है। उन पर पुलिसकर्मियों के घरों में घुसकर जान से मारने की धमकी देने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणियाँ करने का आरोप है। यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के बाद हुई, जिसमें शेखावत पुलिस जवानों को खुलेआम धमकाते हुए दिखाई दे रहे थे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो वीरेंद्र सिंह तोमर की गिरफ्तारी के बाद रिकॉर्ड किया गया था।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए IPC की धमकी, अभद्र व्यवहार और अन्य संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि “कानून से बड़ा कोई नहीं है। पुलिसकर्मियों को धमकाने या डराने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।” गृहमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधी चाहे किसी संगठन का पदाधिकारी क्यों न हो, कानून अपना काम करेगा और ऐसे कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



