रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में किसानों से लेकर प्रशासनिक सुधार, आवास और खेल सुविधाओं तक कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सरकार के ये कदम जनहित और सुशासन की दिशा में दूरगामी प्रभाव डालने वाले माने जा रहे हैं। प्रमुख फैसले इस प्रकार हैं—
1. दलहन–तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी जारी
कैबिनेट ने निर्णय लिया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PSS)’ के तहत दलहन–तिलहन की MSP पर खरीदी की जाएगी।
खरीफ फसलें: अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन
रबी फसलें: चना, सरसों, मसूर
सरकार का मानना है कि इससे मंडियों में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और किसानों को उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
2. शासन कार्य में सुधार: दो विभागों का संविलियन
प्रशासनिक सरलता और दक्षता के लिए दो बड़े बदलाव किए गए—
सार्वजनिक उपक्रम विभाग को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग में विलय
बीस सूत्रीय कार्यक्रम विभाग को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में विलय
सरकार के अनुसार यह कदम ‘मिनिमम गवर्नमेंट–मैक्सिमम गवर्नेंस’ को बढ़ावा देगा।
3. धान खरीदी के लिए ₹26,200 करोड़ की वित्तीय सुरक्षा
धान खरीदी व्यवस्था को बिना बाधा चलाने के लिए—
2024-25 हेतु स्वीकृत ₹15,000 करोड़ की सरकारी गारंटी का 2025-26 के लिए पुनर्वेधीकरण
विपणन संघ को अतिरिक्त ₹11,200 करोड़ की नई गारंटी
इस वित्तीय सहयोग से किसानों से एमएसपी पर धान की खरीदी सुचारू रूप से जारी रहेगी।
4. अविक्रित आवास इकाइयों की बिक्री नियमों में बड़ा बदलाव
सरकार ने दीनदयाल आवास, अटल आवास, अटल विहार और नवा रायपुर मुख्यमंत्री आवास योजना के अविक्रित मकानों की बिक्री के नियम सरल किए—
तीन विज्ञापनों के बाद यदि EWS और LIG मकान नहीं बिकते, तो उन्हें किसी भी आय वर्ग के लोगों को बेचा जा सकेगा—लेकिन बिना अनुदान के।
Bulk Purchase की अनुमति: अब व्यक्ति, सरकारी/निजी संस्थाएं अपनी आवश्यकता के अनुसार एक से अधिक मकान खरीद सकेंगी।सरकार इसका व्यापक प्रचार करवाएगी।
5. नवा रायपुर क्रिकेट स्टेडियम छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ को लीज पर
राज्य सरकार ने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को दीर्घकालीन संचालन और विकास कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को लीज पर देने का निर्णय लिया।
इससे—
खिलाड़ियों के लिए उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी
राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन में बढ़ोतरी होगी



