मुंगेली। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में पिहरी (मशरूम) लेने गए एक युवक की बाघिन के हमले में मौत हो गई। बाघिन दो शावकों के साथ जंगल में घूम रही थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े :- बारिश ने छिपाया सड़क का गड्ढा, वाहन समेत तीन लोग जा गिरे
जानकारी के अनुसार, ग्राम बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे (23) अपने साथी भानु प्रताप, शिवशंकर ध्रुव, दशरथ धृतलहरे और रामफल धृतलहरे के साथ 24 अगस्त को जंगल में मशरूम लेने गया था। सभी युवक जोगीपुर परिसर के पाड़ाडोंगरी के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान दो शावकों के साथ मौजूद बाघिन ने युवकों पर हमला कर दिया और उन्हें दौड़ा लिया। बचने के दौरान धर्मजीत बाघिन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि बाघिन ने उसकी गर्दन पर हमला किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने और जंगल से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। ATR के एसडीओ समीर जोनाथन ने बताया कि बाघिन के हमले से युवक की मौत की प्रारंभिक पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
वन विभाग के अनुसार, बाघिन अभी भी अपने दो शावकों के साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद है। इसे देखते हुए आसपास के ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
वन विभाग ने बताया कि 15 जून से 31 अक्टूबर तक मानसून अवधि में टाइगर रिजर्व के कोर और प्रतिबंधित वन क्षेत्रों में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है। इसके बावजूद युवक जंगल में प्रवेश कर गए थे।
स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (STPF) और वनकर्मी लगातार ग्रामीणों को प्रतिबंधित जंगलों में न जाने की समझाइश दे रहे हैं। वन विभाग ने एक बार फिर अपील की है कि मानसून के दौरान लोग अनावश्यक रूप से जंगल और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें।




