रायपुर। रक्षाबंधन के दिन खरोरा के पचरी गांव में मिली मां-बेटी की रहस्यमयी मौत की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। विसरा रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि मां बिंदा बाई चतुर्वेदी (55) की मौत अत्यधिक शराब सेवन से हुई थी। वहीं, मां को तड़पते हुए देखकर उनकी बेटी उषा मनहरे (40) को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया और वह भी मौके पर गिर पड़ी। दोनों की मौत कुछ ही मिनटों के अंतराल में हो गई।
यह भी पढ़े :- बिहार चुनाव रुझानों पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान, कहा- ‘एनडीए की बनेगी सरकार’
पोस्टमॉर्टम से जवाब न मिलने पर विसरा खुलासा बना निर्णायक
घटना के समय घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। पोस्टमॉर्टम में न तो चोट के निशान मिले, न ही जहर की पुष्टि हुई, जिससे पुलिस शुरू से ही उलझ गई थी। किसी तरह के संघर्ष, गला दबाने या किसी बाहरी चोट का कोई सबूत नहीं मिला। हालात पूरी तरह संदिग्ध थे, इसलिए पुलिस ने दोनों का विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा था। अब रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो गया है कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी।
घटना कैसे हुई? मिनट-दर-मिनट घटनाक्रम सामने आया
9 अगस्त की दोपहर उषा रक्षाबंधन मनाने अपने मायके आई थी। शाम को बहन का बेटा धीरज भी आया और सबके साथ खाना खाकर लौट गया। उस वक्त उषा का भाई शीतल नशे में सो रहा था। करीब शाम 8 बजे शीतल नींद से उठा और घर से बाहर निकला। तभी मां-बेटी आपस में बात कर रही थीं। कुछ ही मिनट बाद वह वापस लौटा तो देखा कि मां बरामदे में और उषा कमरे में जमीन पर गिरी थीं और तड़प रही थीं। उसने तुरंत पड़ोस के डॉक्टर को बुलाया, लेकिन तब तक दोनों की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मृत्यु हो गई।
जहर, झगड़े और हत्या—तीन एंगल खारिज
फॉरेन्सिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने 10 अगस्त को घटनास्थल की जांच की थी। जहर से मौत की शुरुआत में आशंका जताई गई, लेकिन आगे की जांच में यह थ्योरी भी गलत साबित हुई। पड़ोसियों ने बताया था कि रक्षाबंधन की सुबह घर में झगड़ा हुआ था, जो पीएम आवास योजना के पैसों को लेकर था। पुलिस ने इस एंगल की भी जांच की, पर कोई भी सबूत इस विवाद को मौत से जोड़ता हुआ नहीं मिला।
बेटे को घंटों पूछताछ के बाद छोड़ा गया
मृतकों को आखिरी बार शीतल ने ही जीवित देखा था, इसलिए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ हुई। लेकिन न कोई सबूत, न कोई संदिग्ध गतिविधि मिलने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
अब केस बंद करेगी पुलिस
ग्रामीण एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या का कोई सुराग नहीं मिला था। विसरा रिपोर्ट ने अब मौत का कारण साफ कर दिया है—मां की मौत अत्यधिक शराब से और बेटी की मौत सदमे में आए हार्ट अटैक से हुई। पुलिस अब इस केस को क्लोज करने की तैयारी कर रही है।



