बालोद। जिले की पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र पासिंग क्रेटा कार (MH 04 MA 8035) से करीब तीन करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों से रकम के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बालोद कोतवाली पुलिस नियमित जांच के दौरान पकड़ीभाठ गांव के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध लगने पर क्रेटा गाड़ी को रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी से भारी मात्रा में नकदी मिली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों संदिग्ध रकम के स्रोत और उद्देश्य के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। संदेह के आधार पर पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया और दोनों को कोतवाली थाना लेकर पहुंची।
हवाला की आशंका
पुलिस को प्रारंभिक जांच में शक है कि यह रकम हवाला लेन-देन से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि पैसे रायपुर से एकत्र कर नागपुर ले जाए जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने कैश जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी है, ताकि आगे की जांच वित्तीय दृष्टिकोण से भी की जा सके। वहीं दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किसे पहुंचाई जानी थी।



