रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। सड़क किनारे खुले पड़े गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया, वहीं लापरवाही को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
यह भी पढ़े :- योग्यता पर अटका मंत्री के निजी सहायक का मामला, सामान्य प्रशासन विभाग ने रोकी नियुक्ति
जानकारी के अनुसार, कबीर नगर इलाके में सड़क किनारे लंबे समय से एक गड्ढा खुला हुआ था, जिसमें बारिश के दौरान पानी भर गया था। सुबह कुछ बच्चे पास में खेल रहे थे, तभी दो मासूम फिसलकर पानी भरे गड्ढे में जा गिरे। आसपास के लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन गहरा पानी होने से वे असफल रहे।
सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि “घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।”
हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। उनका कहना है कि खुले गड्ढे की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन संबंधित विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। नाराज लोगों ने रिंग रोड नंबर-1 पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
इस दर्दनाक घटना से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है। मृत बच्चों के घर पर कोहराम मचा हुआ है, वहीं परिजन और स्थानीय लोग प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।.



