कांकेर। जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। मंगहूर प्राथमिक शाला के प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद बड़गांव पुलिस थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वहीं शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए प्रधानपाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह भी पढ़े :- डीएड अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा! शिक्षा मंत्री के बंगले पर धरना, बोले- नियुक्ति की तारीख बताओ
जानकारी के अनुसार बुधवार को अशोक बेलसरिया कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और बड़गांव थाने में उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी मामले का संज्ञान लिया।
संयुक्त संचालक की ओर से प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया के निलंबन का आदेश जारी किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जिला कलेक्टर कुंदन कुमार जिले में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने को लेकर लगातार निर्देश दे रहे हैं। ऐसे में शासकीय स्कूल के प्रधानपाठक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप सामने आने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है।




