सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ऐसा युवक, जिसे परिवार ने मृत समझकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया था, वह अचानक क्रियाकर्म के दौरान जिंदा घर लौट आया। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया और अब पुलिस के सामने यह मामला एक नई पहेली बन गया है — आखिर कुएं से बरामद हुई लाश किसकी थी?
दरअसल, बीते शनिवार को सूरजपुर के मानपुर इलाके में एक कुएं से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने पहचान के लिए आसपास के इलाकों में सूचना भेजी। चंद्रपुर निवासी एक परिवार ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान अपने बेटे पुरुषोत्तम के रूप में की। पुलिस ने मर्ग कायम कर विधि-विधान के तहत शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को दफनाया गया।
परिवार ने अगले दिन रीति-रिवाज के अनुसार क्रियाकर्म का आयोजन किया। इस दौरान दूर-दराज से रिश्तेदार भी शोक में शामिल होने पहुंचे थे। तभी अचानक घर वालों को सूचना मिली कि पुरुषोत्तम तो जिंदा है और घर पहुंच गया है।
जिसे मृत मानकर अंतिम संस्कार किया जा चुका था, उसे जिंदा देख परिजनों की खुशी और हैरानी का ठिकाना नहीं रहा। गांव में यह घटना चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है।
अब पुलिस ने मामले की जांच दोबारा शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, “मृतक के कपड़े और अन्य सामग्री पुलिस के पास सुरक्षित हैं। इन्हीं के आधार पर शव की सही पहचान कराई जाएगी। यदि जरूरत पड़ी तो परिजनों की पहचान के लिए कब्र से शव को बाहर निकालकर परीक्षण किया जाएगा।”
फिलहाल यह मामला सूरजपुर पुलिस के लिए एक रहस्य बन गया है कि आखिर उस कुएं में मिली लाश किसकी थी और वह वहां कैसे पहुंची।



