रायपुर। राजधानी में गणेश विसर्जन झांकी के रूट को लेकर विवाद शुरू हो गया है। सदर रोड के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने इस बार सदर बाजार रोड से तेज साउंड, डीजे और धुमाल के साथ झांकी नहीं निकालने की मांग की है। इसे लेकर सड़क पर प्रतिबंध संबंधी पोस्टर भी लगाए गए हैं।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ कांग्रेस के CM फेस पर अजय चंद्राकर का तंज, बोले- ‘सपना देखने में क्या बुराई है’
सदर रोड सर्राफा व्यापारी संघ ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर सिटी कोतवाली चौक से कंकाली अस्पताल तक तेज आवाज वाले डीजे-धुमाल और अन्य साउंड सिस्टम पर रोक लगाने की मांग की है।

सराफा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हरेक मालू का कहना है कि बढ़ती आबादी के बीच सदर रोड काफी संकरा हो गया है। झांकी के दौरान जाम और भीड़ की स्थिति बनती है। उन्होंने मकान गिरने की घटना का भी हवाला देते हुए कहा कि बुजुर्गों और बच्चों को भी परेशानी होती है।

व्यापारियों ने सुझाव दिया है कि इस बार झांकी को सदर रोड की जगह बूढ़ा तालाब और मालवीय रोड होते हुए डायवर्ट किया जाए। उनका कहना है कि स्वागत के लिए लगाए जाने वाले पंडाल भी वैकल्पिक मार्ग पर लगाए जा सकते हैं।
व्यापारी संघ ने इस संबंध में कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर और स्थानीय थाना प्रभारी को ज्ञापन देकर व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। फिलहाल झांकी के रूट और तेज साउंड पर प्रतिबंध को लेकर प्रशासन की ओर से अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।




