रायपुर : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिन हाथों में जमीनों का न्याय सौंपा गया था, वही हाथ अब ताश की गड्डियाँ फेंटते पकड़े गए! कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात रमन नगर स्थित एक मकान में छापा मारकर सात पटवारियों और एक निजी ऑपरेटर को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
सबसे हैरानी की बात — पकड़े गए आरोपियों में राजस्व पटवारी संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ज्योतिष सर्वे का नाम भी शामिल है।
20 लाख का जुआ-सामान जब्त
पुलिस ने मौके से करीब ₹40,200 नकद, 52 ताश की गड्डियाँ, 6 मोबाइल फोन, 2 कार और 2 स्कूटी जब्त की हैं। अनुमान है कि जुए के इस अड्डे पर करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सार्वजनिक जुआ अधिनियम (Public Gambling Act) के तहत मामला दर्ज किया है।
कौन-कौन फंसे पुलिस के शिकंजे में
- ज्योतिष सर्वे – कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष, राजस्व पटवारी संघ (जांजगीर)
- गोविंद कंवर – कोरबा
- उमेश पटेल – सक्ती
- हेमचंद तिवारी – जांजगीर
- राहुल प्रताप सिंह – जांजगीर
- देवेश अम्बष्ट – जांजगीर
- रवि राठौर – जांजगीर
- हरीश सिंह – निजी ऑपरेटर
पुलिस की विशेष कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि रमन नगर के एक घर में सरकारी कर्मचारियों का जमावड़ा लग रहा है। देर रात कोतवाली थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित कर छापा मारा — और जैसे ही दरवाजा टूटा, अंदर का नज़ारा प्रशासनिक तंत्र की सच्चाई बयां कर गया।
जनता में गुस्सा — “जो जमीन का न्याय करें, वही जुए की बाजी खेलें?
इस घटना के बाद जिलेभर में आक्रोश की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं जिन पर किसानों और नागरिकों की जमीन का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है, अगर वही जुआरी बन जाएँ तो न्याय की उम्मीद किससे की जाए?” राजस्व विभाग में इस खुलासे से भारी हड़कंप मच गया है। विभागीय स्तर पर भी जांच और निलंबन की संभावना जताई जा रही है। पुलिस फिलहाल आरोपियों के मोबाइल और वाहनों की जांच कर रही है ।



