रायपुर। राजधानी के थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र के भाठागांव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में सोमवार की रात हुई हत्या के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों — मदन यादव और सूरज यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पास से वारदात में प्रयुक्त कैंची भी जब्त की गई है।
ज्वेलरी शॉप में छोटे भाई ने ही उड़ाए 40 मंगलसूत्र, 35 लाख की चोरी का पर्दाफाश
जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात कॉलोनी निवासी ताहिर हुसैन अपने परिवार के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान उसी कॉलोनी के निवासी मदन यादव (31 वर्ष) और सूरज यादव (23 वर्ष) किसी बात को लेकर उससे विवाद करने लगे। मामूली कहासुनी के बीच दोनों आरोपी गुस्से में आ गए और अपने पास रखी कैंची से ताहिर हुसैन के सीने और पेट में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल ताहिर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी रुखसाना परवीन की रिपोर्ट पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 438/25 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरंत जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया गया। लगातार दबिश देने के बाद पुलिस ने दोनों सगे भाइयों — मदन और सूरज यादव — को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि क्षणिक विवाद ही हत्या की वजह बना। दोनों आरोपी एक ही कॉलोनी के निवासी हैं और मृतक ताहिर से परिचित थे।
दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।



