रायपुर। सेंट्रल जेल रायपुर में सुरक्षा नियमों की खुली धज्जियां उड़ने का मामला सामने आया है। जेल के भीतर विचाराधीन बंदी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद सहायक जेल अधीक्षक संदीप कुमार कश्यप को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कश्यप इस वर्ष 19 जुलाई से रायपुर सेंट्रल जेल में अपर अष्टकोणीय अधिकारी के रूप में पदस्थ थे। गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एनडीपीएस एक्ट के तहत बंद विचाराधीन कैदी रशीद अली उर्फ राजा बैझड़ जेल के अंदर व्यायाम करते और अपने परिजनों से वीडियो कॉल पर बात करते दिखाई दे रहा है। वह अन्य कैदियों के साथ सेल्फी भी ले रहा है।

यह वीडियो कथित तौर पर 13 से 15 अक्टूबर के बीच जेल परिसर के अंदर रिकॉर्ड किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि बंदी तीन महीने से जेल में होने के बावजूद सोशल मीडिया पर सक्रिय था।
सेंट्रल जेल अधीक्षक ने मामले की जांच के बाद सहायक जेल अधीक्षक को कर्तव्य में लापरवाही का दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



