दुर्ग। प्रेम विवाह का जश्न दुर्ग में एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। परिवार की सहमति के बिना हुए विवाह के बाद हुए विवाद में युवती के मौसेरे भाई की लाठी-डंडों से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को हिरासत में लिया है।
भूपेश बघेल की तारीफ पर भाजपा मंत्री का वार- धन्यवाद, पर बयान कांग्रेस का है या आपका?
जानकारी के मुताबिक, डिपरापारा निवासी पूजा साहू और तिलक साहू ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी। शादी के बाद तिलक साहू अपने दोस्तों के साथ जश्न मना रहा था। इस दौरान तिलक के दोस्त लब्बू, दादू, राजा यादव और सनी का पूजा साहू के मौसेरे भाई नीरज ठाकुर से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर नीरज ठाकुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छह आरोपी हिरासत में
पुलिस ने हत्या के आरोप में छह युवकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ जारी है और सभी आरोपियों पर हत्या (IPC 302) की धारा के तहत कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप
इस घटना के बाद युवती के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूजा साहू के घर से भागने के बाद वे पहले ही थाने में शिकायत लेकर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय पर हस्तक्षेप किया होता, तो यह हत्याकांड टल सकता था। बीती रात मृतक नीरज ठाकुर के परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और सभी आरोपी हिरासत में हैं। घटना बेहद संवेदनशील है, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। डिपरापारा क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम विवाह को लेकर परिवारों के बीच पुरानी रंजिश ने इस जश्न को खून-खराबे में बदल दिया।



