बालोद। छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय बालोद में पदस्थ दो बाबुओं को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी युगल किशोर साहू और सुरेंद्र कुमार सोनकर सहायक ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बाबुओं ने CMHO कार्यालय के वाहन चालक मुकेश कुमार यादव से सर्विस बुक सत्यापन और एरियर भुगतान के नाम पर 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। प्रार्थी ने इस संबंध में एसीबी रायपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता मुकेश यादव ने बताया कि पहले उसका डिमोशन कर चौकीदार पद पर तबादला किया गया था। उसने इस आदेश के खिलाफ बिलासपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद कोर्ट से उसे स्टे आदेश मिला और वह दोबारा वाहन चालक के पद पर बहाल हुआ।
इसके बाद आरोपी बाबुओं ने बहाली के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने और बकाया एरियर निकालने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की थी। बताया गया कि दोनों पहले ही 20 हजार रुपए अग्रिम के रूप में ले चुके थे, जबकि बाकी 30 हजार रुपए गुरुवार को लेने वाले थे।
एसीबी टीम ने शिकायत की पुष्टि के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। जैसे ही दोनों बाबू 15-15 हजार रुपए की दूसरी किश्त लेते पकड़े गए, टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।



