रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के जश्न के बीच आज राजधानी रायपुर के लोगों को आसमान में एक खास नजारा देखने को मिलेगा। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के हेलीकॉप्टर शुक्रवार, 30 अक्टूबर को रायपुर के आसमान में उड़ान भरेंगे। दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे तक शहर के ऊपर से गुजरने वाले इन हेलीकॉप्टरों की रोमांचक झलक शहरवासी अपने घरों की छतों से भी देख सकेंगे।
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने शानदार हवाई करतब, अद्भुत उड़ान कौशल और सटीक तालमेल के लिए देश-विदेश में पहचान रखती है। स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव से सुसज्जित यह टीम अपने प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायुसेना के साहस, अनुशासन और तकनीकी क्षमता का परिचय देती है।
2 नवंबर को नवा रायपुर में होगा भव्य एयर शो
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज हवाई करतब दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
एयर शो से पहले आज रायपुर शहर के ऊपर सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों की उड़ान लोगों में उत्साह बढ़ाएगी। ऐसे में राजधानीवासियों के लिए दोपहर 12:20 से 12:45 बजे के बीच आसमान की ओर नजर रखना खास होने वाला है।




