CG Employees DA Hike : छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनरों की महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता और पेंशनरों की महंगाई राहत 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी।
राज्य सरकार का यह निर्णय 1 नवंबर 2026 से प्रभावी होगा। इससे प्रदेश के करीब 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए इसे त्योहार से पहले बड़ी राहत माना जा रहा है।
हर महीने 36 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार
महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि से राज्य सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय भार भी पड़ेगा। सरकार के मुताबिक, इस फैसले से सरकारी खजाने पर लगभग 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह और 432 करोड़ रुपये सालाना का अतिरिक्त बोझ आएगा।
1 नवंबर से लागू होगी नई दर
राज्य सरकार के इस फैसले के अनुसार, 1 नवंबर 2026 से कर्मचारियों को 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। वहीं, पेंशनरों को भी बढ़ी हुई दर से महंगाई राहत का लाभ दिया जाएगा। इससे कर्मचारियों की मासिक आय और पेंशनरों को मिलने वाली राहत में बढ़ोतरी होगी। (CG Employees DA Hike)
मुख्यमंत्री साय ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी से न केवल कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि उनके परिवारों में दीपावली की खुशियां और उत्साह भी बढ़ेगा। (CG Employees DA Hike)




