रायपुर। छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच के बीच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को कई जिलों में एक साथ दबिश देकर हलचल बढ़ा दी है। रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, राजिम और कोरबा में करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
एक साथ कई शहरों में हुई कार्रवाई के बाद कारोबारियों और संबंधित लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, अभी तक किसी भी स्थान से बरामदगी या जांच में सामने आए दस्तावेजों को लेकर एजेंसियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
रायपुर के VIP स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी के घर पहुंची टीम
राजधानी रायपुर के VIP स्टेट में ACB/EOW की टीम रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पहुंची। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में की गई है।
टीम ने आवास पर दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच शुरू की। फिलहाल कार्रवाई से जुड़े विस्तृत तथ्यों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राजनांदगांव में दो कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश
राजनांदगांव में EOW की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक करीब 10 अधिकारी और सुरक्षाकर्मी दो वाहनों में पहुंचे।
टीम ने सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के निवास और लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के घर दबिश दी। दोनों स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी है।
गोबरा नवापारा में ज्वैलरी और कपड़ा कारोबार तक पहुंची जांच
अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा में EOW और ACB की संयुक्त टीम ने कई कारोबारी ठिकानों पर कार्रवाई की। टीम ने सोना-चांदी और कपड़ा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच की।
जानकारी के मुताबिक नवकार ज्वैलर्स और शांति विजय स्टोर्स समेत अन्य ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान अधिकारी किसी तरह की जानकारी देने से बचते नजर आए।
बिलासपुर में कोयला कारोबारी के घर छापा
न्यायधानी बिलासपुर में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर भी ACB/EOW की टीम पहुंची। शुक्रवार सुबह टीम उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में उनके निवास पर पहुंची और दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
सुबह से ही टीम मौके पर मौजूद है और कार्रवाई फिलहाल जारी बताई जा रही है।
कटघोरा में DMF घोटाले से जुड़ी जांच
कोरबा जिले के कटघोरा में EOW ने एक साथ दो ठिकानों पर दबिश दी। टीम ने कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के आवास के अलावा नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी कार्रवाई की।
इस कार्रवाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए DMF घोटाले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, छापे के कारण और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
छापों के बाद अब बरामदगी पर नजर
शराब घोटाले और DMF/कोयला से जुड़े मामलों की जांच के बीच अलग-अलग जिलों में एजेंसियों की कार्रवाई से प्रदेश में राजनीतिक और कारोबारी हलचल तेज हो गई है।
फिलहाल जांच एजेंसियां दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संबंधित जानकारी की पड़ताल कर रही हैं। इन छापों में क्या मिला, किन लोगों से पूछताछ हुई और जांच आगे किस दिशा में बढ़ेगी, इसकी तस्वीर कार्रवाई पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही साफ होगी।




