बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर से आजीवन कारावास की सजा काट रहे 21 कैदियों को रिहा किया गया है। इनमें 20 पुरुष और एक महिला कैदी शामिल हैं। सभी ने जेल में करीब 14 साल या उससे अधिक समय बिताया है। जेल में अच्छे व्यवहार और आचरण को देखते हुए उनकी रिहाई का फैसला लिया गया।
केंद्रीय जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के जेल डीजी हिमांशु गुप्ता पिछले कुछ महीनों से लगातार जेल का दौरा कर कैदियों के व्यवहार, आचरण और मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं पर ध्यान दे रहे थे। उनकी पहल पर अच्छे आचरण वाले कैदियों को समाज की मुख्यधारा में दोबारा शामिल होने का अवसर देने के लिए शासन स्तर पर कदम उठाया गया।
जेल प्रशासन के मुताबिक, इस रिहाई का उद्देश्य कैदियों को सुधार और पुनर्वास का अवसर देना है। साथ ही, यह अन्य कैदियों के लिए भी संदेश है कि जेल में अनुशासन और अच्छा व्यवहार बनाए रखने पर उन्हें सामान्य जीवन में लौटने का अवसर मिल सकता है।




