बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रास गरबा कार्यक्रम के दौरान बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में गरबा की वेशभूषा में कुछ युवतियां सिगरेट पीते और पिस्टलनुमा वस्तु लहराते नजर आ रही हैं। मामले में पुलिस ने सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रील गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार के लिए बनाई गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जांच शुरू की गई। वीडियो में नजर आ रहे लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
बिलासपुर पुलिस ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों से जुड़े आपत्तिजनक प्रदर्शन तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री साझा करने से पहले उसके संभावित प्रभाव का ध्यान रखने की अपील की है।




