रायपुर। राजधानी के डीडी नगर इलाके में एक आवारा सांड के हमले से दहशत फैल गई। सांड ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 15 लोगों पर हमला किया, जिसमें पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांड बच्चे को गोद में लिए जा रहे एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वहीं कल्पना पटेल को भी चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार हमलों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सांड को पकड़ने के लिए ट्रैंक्विलाइजर डार्ट का इस्तेमाल किया गया, जिससे उसे बेहोश कर सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया। गौ सेवकों ने सांड के रेबीज संक्रमित होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
घटना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने चिंता जताते हुए राजधानी में आवारा पशुओं की समस्या पर सरकार और नगर प्रशासन से सवाल किए। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से आवारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी अभियान चलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।




