बिलासपुर। तखतपुर नगर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला 100 फीट से अधिक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर के ऊपर देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला काफी देर से टावर पर मौजूद थी। स्थानीय लोगों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऊंचाई पर महिला की मौजूदगी को देखते हुए रेस्क्यू टीम बेहद सावधानी से कार्रवाई कर रही है।
थाना प्रभारी सतीश साहू ने बताया कि महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा के लिए बिजली विभाग से संपर्क कर बिजली सप्लाई बंद कराई गई है। साथ ही मोबाइल टावर कंपनी के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया है।
घटना के बाद टावर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि परिसर में लगी घेराबंदी कई जगह से टूट चुकी है, जिसके कारण आम लोगों के लिए टावर परिसर में प्रवेश करना आसान है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस, बिजली विभाग और टावर कंपनी की टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और सभी की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है।




