बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में निलंबित आरक्षक ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही घर से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली। मां की शिकायत और संदेह के आधार पर पुलिस ने पूछताछ की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरक्षक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
मामला सागरदीप कॉलोनी, उसलापुर का है। यहां बिन्दावती मिश्रा अपने बेटे आशीष मिश्रा के साथ रहती हैं। कुछ समय पहले बिन्दावती किसी काम से रीवा गई थीं। उनके लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखे जेवर व नगदी गायब थे।
चोरी के बाद बिन्दावती को बेटे पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सकरी पुलिस ने आशीष से पूछताछ की तो उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने मामले में निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा, उसके साथी सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद की गई है।
वारदात में इस्तेमाल बुलेट बाइक क्रमांक CG 10 AZ 5100 भी पुलिस ने जब्त की है। तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।




