रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव होर्डिंग पोल से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कार शोरूम के पास होर्डिंग पोल में गमछे के सहारे युवक का शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह लोगों ने होर्डिंग पोल से शव लटका देखा, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया है। टीम मौके से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है।
सिर पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इससे घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
आत्महत्या या हत्या? सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी, ताकि युवक की पहचान और घटनाक्रम से जुड़े सुराग मिल सकें। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की वास्तविक वजह विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।




