रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों को लेकर चल रही चर्चा पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसा है। कांग्रेस में चार वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में आने पर उन्होंने कहा, “सूत न कपास, जुलाहे से लट्ठम-लट्ठ… आखिर सपना देखने में क्या बुराई है।” कांग्रेस के चार नेताओं के नामों को लेकर हाल में चर्चा सामने आई थी।
यह भी पढ़े :- पितृ पक्ष से पहले घर में करें ये 5 बदलाव, साफ-सफाई के साथ पूर्वजों की यादों को भी दें सम्मान
चंद्राकर ने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह सरकार चली, उसके बाद जनता कांग्रेस को दोबारा मौका नहीं देगी। उन्होंने कांग्रेस के कई नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें “जले हुए कारतूस” बताया।
वहीं, धमतरी समेत कुछ इलाकों में प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए आवेदन लिए जाने के दावों पर चंद्राकर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक सभा में शामिल होने के लिए आवेदन की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
अमित जोगी की कांग्रेस में संभावित एंट्री पर भी चंद्राकर ने कहा कि उन्हें पार्टी में लाने पर कई नेताओं की “दुकान बंद” हो सकती है और इसी वजह से उन्हें शामिल करने को लेकर असमंजस हो सकता है।
चंद्राकर के बयान पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चंद्राकर का बयान उनकी अपनी व्यथा को दर्शाता है और भाजपा ने ही उन्हें “जला हुआ कारतूस” बना दिया है। शुक्ला ने भाजपा पर कांग्रेस नेताओं पर तंज कसने के बजाय अपनी सरकार की उपलब्धियां बताने पर ध्यान देने की बात कही।




