रायपुर। नवा रायपुर में बुधवार शाम मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई। हादसा राखी थाना क्षेत्र में हुआ।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ BJP को मिला नया प्रभारी, स्मृति ईरानी संभालेंगी जिम्मेदारी; सिद्धार्थ शंभू सह प्रभारी नियुक्त
जानकारी के मुताबिक, मंत्रालय में छुट्टी के बाद बस क्रमांक 3073 कर्मचारियों को लेकर रवाना हुई थी। रास्ते में अचानक बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बस से उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पाण्डेय ने बसों के मेंटेनेंस को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बसों के रखरखाव को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। संघ ने इस मामले को लेकर मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराने की बात कही है .




