रायपुर। गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। हादसे में एक युवक पुल से नीचे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़े :- भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पुशर कार की चपेट में आया ठेका कर्मी; मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की ओर जा रहे थे। महानदी पुल पर पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील पुल पर काफी दूर जा गिरे।
घटना के बाद राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को गोबरा नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। वहीं सुनील जैन को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
हादसे के बाद पुल पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद महानदी पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुल पर जमा हो गए, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
हादसे में पिकअप चालक भी घायल होकर अचेत हो गया था। उसे भी नवापारा सीएचसी में भर्ती कराया गया। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की बात कही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और पिकअप को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।




