दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-6 के यांत्रिकी विभाग में मंगलवार सुबह हादसे में एक ठेका कर्मी की मौत हो गई। पुशर कार में आई तकनीकी खराबी की जांच के दौरान वाहन अचानक चल पड़ा और कर्मचारी उसकी चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़े :- बीच सड़क जन्मदिन मनाना पड़ा भारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष समेत कई लोगों पर FIR
मृतक की पहचान विनोद कुमार (47) के रूप में हुई है। वह मेसर्स सहिकॉन इंजीनियरिंग एंड ट्रेडिंग में एसएसडब्ल्यू के तौर पर ‘ए’ शिफ्ट में कार्यरत था।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे ब्लास्ट फर्नेस-6 की पुशर कार-2 में खराबी की सूचना ऑपरेशन शिफ्ट प्रभारी ने मैकेनिकल पाली प्रभारी को दी थी। इसके बाद मैकेनिकल पाली प्रभारी ने विनोद कुमार को मशीन की खराबी देखने के लिए भेजा।
बताया जा रहा है कि विनोद पुशर कार की तकनीकी जांच कर रहा था। इसी दौरान पुशर कार अचानक चल पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद तत्काल एंबुलेंस से विनोद को एमएमपी-1 ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने करीब 9 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद संयंत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घटना के कारणों और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।




