बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र के बेलोदी गांव में एक युवक द्वारा खुद को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद युवक घायल हालत में गांव में घूमता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़े :- कोयला घोटाला मामले से जुड़े सूर्यकांत तिवारी का मकान सील, भिलाई में IT की बड़ी कार्रवाई
घायल युवक की पहचान नरेंद्र रावटे, पिता बालचंद रावटे, निवासी भेड़ियानवागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नरेंद्र सुबह अपने घर से निकला था। इसके बाद वह बेलोदी गांव पहुंचा, जहां उसने हसिए से खुद को घायल कर लिया। घायल अवस्था में वह गांव में घूमता रहा, जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही हल्दी चौकी प्रभारी लता तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों के मुताबिक, नरेंद्र पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। वह कथित तौर पर परिवार के लोगों से यह भी कह रहा था कि कोई उसे मारने के लिए आ रहा है। हालांकि, उसके इस व्यवहार के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। युवक की मानसिक स्थिति, घटना से पहले की गतिविधियों और उसके द्वारा उठाए गए कदम के पीछे की परिस्थितियों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।




