दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किसी पुराने अपराधी के रूप में नहीं, बल्कि BTech की पढ़ाई कर रहे एक युवक और युवती के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों कॉलेज में साथ पढ़ते हैं और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए चेन स्नैचिंग की योजना बनाई थी।
यह भी पढ़े :- युवक ने खुद को किया घायल, गांव में घूमता रहा; पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
सुबह टहलने वाली बुजुर्ग महिलाएं थीं निशाने पर
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की सुबह करीब 6:30 बजे प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार युवक-युवती वहां पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने मौका देखकर महिला के गले से सोने की चेन झपटी और दोनों मौके से फरार हो गए।
इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी गीता देवी को कथित तौर पर दोबारा निशाना बनाया गया। लगातार हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
CCTV और तकनीकी जांच से मिली सुराग
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के बाद पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
युवती चलाती थी स्कूटी, युवक झपटता था चेन
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, आरोपी सुबह के समय स्कूटी से इलाके में घूमते थे और सड़क पर अकेले टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। योजना के तहत युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक पीछे बैठकर मौका मिलते ही चेन झपट लेता था।
पुलिस के अनुसार, दोनों अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़ों का इस्तेमाल करते थे। वारदात के बाद स्कूटी से तेजी से मौके से निकल जाते थे।
पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और बरामदगी की दिशा में भी जांच कर रही है।




