सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत हरिहरपुर के नेवारडांड प्राथमिक शाला में जर्जर स्कूल भवन का छज्जा हादसे का कारण बन गया। छज्जे का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिरने से एक शिक्षक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़े :- स्कूल में शिक्षक पर छात्रा से गलत तरीके से छूने का आरोप, जांच की मांग
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसी दौरान एक शिक्षक उसकी चपेट में आ गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। गनीमत रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, उस स्थान के आसपास छात्र मौजूद नहीं थे। यदि वहां बच्चे मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल भवन की जर्जर स्थिति और नीचे गिरा हुआ प्लास्टर दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
परिजनों ने की मरम्मत की मांग
घटना के बाद विद्यार्थियों के परिजनों ने स्कूल भवन का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जर्जर हिस्सों की पहचान कर उनकी जल्द मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी छात्र या शिक्षक के साथ गंभीर हादसा न हो।
स्थानीय लोगों ने भी स्कूल भवन की स्थिति का जल्द जायजा लेकर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।




