सक्ती। सक्ती जिले के चंद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मिरौनी के शासकीय स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक पर कक्षा पांचवीं की छात्रा के साथ कथित तौर पर अनुचित तरीके से छूने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा के परिजनों ने मामले की शिकायत कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से करते हुए निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े :- Raipur Crime: चरित्र शंका में मकान मालिक की हत्या, किराएदार ने गला दबाकर उतारा मौत के घाट
परिजनों की शिकायत के मुताबिक, छात्रा ने आरोप लगाया है कि कॉपी जांचने के दौरान शिक्षक उसे कथित तौर पर गलत तरीके से छूते थे। छात्रा ने यह भी बताया कि जब वह और अन्य बच्चे शिक्षक से पढ़ाने के लिए कहते थे, तो उन्हें कथित तौर पर डांट दिया जाता था।
पढ़ाई पर ध्यान नहीं देने का भी आरोप
शिकायत में परिजनों और ग्रामीणों ने शिक्षक पर स्कूल में पढ़ाई के दौरान मोबाइल फोन में व्यस्त रहने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिक्षक के इस रवैये से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल में कार्यरत रसोइया ने भी शिक्षक पर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। रसोइया के मुताबिक, बच्चे शिक्षक के व्यवहार को लेकर उनसे अपनी बातें साझा करते हैं।
महिला स्वीपर को लेकर भी शिकायत
शिकायत में स्कूल में कार्यरत एक महिला स्वीपर को लेकर भी कुछ आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। ग्रामीणों ने शिक्षक और महिला स्वीपर के स्कूल परिसर में साथ रहने तथा बाथरूम जाने को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पूर्व पदस्थापना को लेकर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने शिकायत में दावा किया है कि उक्त शिक्षक इससे पहले शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे। वहां भी उनके व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आने और बाद में स्थानांतरण किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
फिलहाल शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। छात्रा के आरोपों की वास्तविकता और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




