दुर्ग/पाटन। दुर्ग जिले के रानितराई थाना क्षेत्र में खारून नदी को पार करने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। एनीकट से बाइक लेकर गुजर रहा एक युवक अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में डूब गया। घटना के बाद SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक का शव बरामद किया।
यह भी पढ़े :- व्हाट्सऐप पर आई APK फाइल ने खाली किया कारोबारी का खाता, 4.15 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी
मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे सुरेंद्र बाइक से पाटन क्षेत्र के ओदरागहन स्थित खारून नदी के एनीकट को पार कर रहा था। इसी दौरान नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत पानी में जा गिरा।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना रानितराई थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम के साथ SDRF दुर्ग की टीम भी मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की गई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान डीप डाइवर्स की टीम ने नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद सुरेंद्र का शव नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल रानितराई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।




