कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां दोपहर में तालाब में नहाने गई थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। तालाब के किनारे उनके कपड़े और चप्पल मिलने के बाद ग्रामीणों ने पानी में खोजबीन की, जहां तीनों के शव बरामद हुए।
यह भी पढ़े :- राशन गड़बड़ी में फरार आरोपी गिरफ्तार, दो दुकानों में 31.75 लाख के खाद्यान्न की कमी
मृतकों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया।
स्कूल जाने के बजाय तालाब पहुंची थीं बच्चियां
जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर थीं। उनके परिजन काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। दोपहर के समय तीनों सहेलियां तालाब में नहाने के लिए निकल गईं।
काफी समय बीतने के बाद भी जब बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पता चला कि तीनों बच्चियां तालाब की ओर गई थीं।
किनारे मिले कपड़े-चप्पल, फिर शुरू हुई तलाश
ग्रामीण तालाब पहुंचे तो वहां बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसी दौरान एक बच्ची का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।
डूबने से मौत की आशंका
प्रारंभिक जांच में तीनों बच्चियों की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। तीनों बच्चियों के शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। घटना के बाद परिवारों में शोक का माहौल है।




