रायगढ़। PDS खाद्यान्न में गड़बड़ी के दो मामलों में फरार चल रहे आरोपी शहनवाज उर्फ मौसम खान (49) को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। धरमजयगढ़ क्षेत्र की दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच में 31.75 लाख रुपये से अधिक के खाद्यान्न की कमी सामने आई थी। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
यह भी पढ़े :- iPhone 18 Pro के लिए गजब दीवानगी! दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में रात से ही Apple Store के बाहर लगी लंबी कतारें
ससकोबा दुकान में 12.89 लाख के राशन की कमी
खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच की थी। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम मिला। खाद्य सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई।
जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया। मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने 12 सितंबर को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। दोनों को रिमांड पर भेजा गया, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया फरार है।
गनपतपुर दुकान में 18.86 लाख का खाद्यान्न कम
इसी तरह ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी मिली। खाद्य विभाग के अनुसार, इसकी कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है।
दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज उर्फ मौसम खान, पिता याकुब खान, निवासी पीपरमार, थाना धरमजयगढ़ द्वारा किया जाना पाया गया। जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर तीनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत धारा 3 और 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम में मामला दर्ज किया गया।
अस्पताल से गांव पहुंचा, पुलिस ने दबोचा
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि शहनवाज खान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर उपचार करा रहा है। चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी के गांव में देखे जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर शहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
तीन आरोपी अभी भी फरार
पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में ससकोबा दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




